नई दिल्ली। इंटरनेट से रेलवे टिकट बुकिंग कराने वालों के लिए एक खुशखबरी है। आने वाले दो महीनों में यात्रियों अपनी टिकट की पेमेंट करने के लिए बैंक की वेबसाइट पर जाकर नेट बैंकिंग की लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा। बल्कि अब यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर टिकट बुक कराएंगे तो उनकी तरफ से पहले से ही जमा कराई गई रकम में से टिकट का अमाउंट कट जाएगा। इससे टिकट बुकिंग में लगने वाला वक्त बचेगा और टिकट जल्दी बुक हो जाएगी। यह स्कीम अगले दो महीने में चालू हो जाएगी।
आईआरसीटीसी [इंडियन रेलवे कैटरिंग ऐंड टूरिजम कॉरपोरेशन] के प्रवक्ता ने बताया कि इसके लिए जल्द ही रोलिंग डिपॉजिट स्कीम [आरडीएस] शुरू की जाएगी। पहले की तरह टिकट बुकिंग के लिए नेट बैंकिंग और क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल तो किया ही जाएगा,लेकिन जो लोग आरडीएस लेना चाहेंगे, उन्हें यह सेवा मुहैया कराई जाएगी।
गौरतलब है कि फिलहाल ट्रेन टिकट बुक कराने के लिए आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर जाकर पहले यात्री संबंधित जानकारी दर्ज करानी पड़ती है। इसके बाद नेट बैंकिंग या क्रेडिट कार्ड के जरिए पेमेंट करने का नियम है। इसमें कई बार इतना वक्त लग जाता है कि वेटिंग लिस्ट काफी बढ़ जाती है। इसके अलावा, कई बार अमाउंट डेबिट होने से पहले आईआरसीटीसी का लॉगिन ही बंद हो जाता है जिससे अमाउंट तो कट जाते हैं लेकिन टिकट बुक नहीं हो पाती।
आरडीएस के लिए आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। आरडीएस अकाउंट में कम से कम डेढ़ से दो हजार रुपए जमा करवाने का प्रस्ताव है जो नेट बैंकिंग या क्रेडिट कार्ड के जरिए जमा कराया जा सकेगा। इस स्कीम में रजिस्ट्रेशन फीस दो सौ से ढाई सौ रुपये का होगा जो टिकट बुकिंग के लिए अकाउंट में क्रेडिट हो जाएगा। अगर कोई आरडीएस अकाउंट बंद कराना चाहेगा तो उसका पैसा वापस बैंक अकाउंट में चला जाएगा। इस सिस्टम में आने के लिए यात्री को अपना पैन कार्ड नंबर देना होगा, जिससे उसका वेरिफिकेशन हो सके जिसके बाद उसे एक पासवर्ड और पिन नंबर दिया जाएगा। इसी पिन और पासवर्ड के जरिए वह भविष्य में ट्राजैक्शन कर सकेगा।

No comments:
Post a Comment